पृष्ठ

रविवार, 15 जुलाई 2012


पर तुम नहीं आये .......
क्या विवाह की रस्म ,लिए दिए वचन प्रेम की कसौटी है ? लगभग ७५% लोग तो वास्तव में जीवन अकेले जीते है ,क्या गृहस्थ और प्रेम एक दूसरे का पर्याय है?या प्रेम एक भाव है और गृहस्थी एक जिम्मेदारी ....या दोनों एक है ?
meditating-reflecting-solitude.jpg (430×323)
सालों से अबतक 
इंतज़ार रहा 
पर तुम नहीं आए ........
बस सप्तपदी फेरे तक का साथ रहा 
उसके बाद हर दिन राह देखती रही
पर तुम नहीं आए.........
यू तो वचन दोनों ने लिए थे 
मुझको सब था याद  
पर तुमको कुछ याद नहीं  
और तुम नहीं आये...........
रिम झिम बारिश की रातों में,
जागी  रही सोयी नहीं 
अंधरों को ताकती रही 
पर तुम नहीं आए............
एक निवाला मुंह  तक गया 
दूसरे पर तुम्हारा इंतज़ार किया 
पर तुम नहीं आये........
तुम्हारे हर  जन्मदिन पर
लम्बी उम्र की दरकार रही 
देर तक दीप जलाये 
बैठी रही ,पर तुम नहीं आये .......
दिन भर होठो में मुस्कराहट लिए 
लोगों को जताती रही
झूठी प्रेमकहानी सुनाती रही 
तकिये पर औंधे सर रखकर 
कितने आंसू बहा दिए 
जीवन की साँझ भी आ गयी
पर तुम नहीं आये .........

गुरुवार, 12 जुलाई 2012


प्रेम 









कुछ देर और खामोश बैठो 
कि दिल की जुबान कुछ कहना चाहती है 
कोई गीत होंठों  से निकल न जाएँ
कि दिल की धड़कन कुछ गुनगुनाती है .
महसूस करो  इस प्यार की कशिश
नर्म हथेलिओं की रेखाओं  का मिलना 
बंद आंखों से देखने की कोशिश 
लरजते बादलों के बीच कौंधती बिजली .
कि कहीं  हुई बारिश से 
भीगी मिटटी की मीठी खुशबू.
पूरब से निकले सूरज की मासूमियत 
या कि गहराई  रात में निखरी चांदनी की कसक
सम्हल सम्हल के चलती हवा के झोंके  
या कि  ताज़ी मेहँदी  की खुशबूं से
निखरे हाथों की लुनाई.
कुछ देर खामोश बैठो 
जीवन के रंग सुंदर  कुछ देर और जी लो ...........

बुधवार, 4 जुलाई 2012



बस यूँ ही आँख बंद किये 
आँगन में बैठी
धूप पी रही थी
कि एक नन्ही सी तितली
काली पीली धब्बो वाली
बांह पर  आकार बैठ गयी
और बार बार 
पंख फडफडा कर 
अपना अस्तित्व जताने की
कोशिश करती रही .
हवा का झोंका,
मेरी सांसो की गति, 
उसे उड़ा न सकी 
मैं उनींदी आँखों से 
देखती रही उसे
 निहारती रही 
मैं हिलाना नहीं चाहती थी उसे 
उड़ाना भी नहीं चाहा 
न उसे पकड़ना चाहा
 न उसे डराना चाहती थी 
बस महसूस करती रही 
प्रकृति के उस 
अदभुत सौंदर्य को........... 

गुरुवार, 28 जून 2012

उम्मीद

दिन भर में कई चेहरे ऐसे दिखते है जो निराश,हताश हो चुके है.ज़िन्दगी कभी कभी किसी के लिए इतनी निष्ठुर क्यों हो जाती है .काश कि एक उम्मीद का दीया  उस ज़िन्दगी में  जला सकूँ ...
जब  भी देखती हूँ 
तुम्हारी आंखों में 
खो जाती हूँ
दर्द की गहराई में
उतरती जाती हूँ गहरे 
और गहरे 
अकेलेपन के सागर में.
खोजती  हूँ
जो जीवन की ललक को . 
तो पाती हूँ बहुत  असहाय
अकेली
बचने  के सभी रास्ते
बंद पाती हूँ .
निराशा और अंधेरे के
समंदर में
खोने लगा है
वजूद अब मेरा
तुम्हे  बाहर लाने की
तवज्जो में
तार तार होती
ज़िन्दगी को
बचाने की कवायद
करनी होगी.
इतना तो समझ आया  
कि उम्मीद का दामन
फिर किसी एक सिरे से
पकड़ना होगा .
रेशम के  तारों सी  
उम्मीदों की चादर  को 
फिर से बिनना होगा
वीराने से असमानों को
सतरंगी रंगों से
सजाना होगा .
नया सूरज लाना होगा
तारों को मानना होगा
ज़िन्दगी को एक बार
फिर से
सजाना ही होगा.............
 
 
 
 

मंगलवार, 19 जून 2012


1 june2012.......
अट्ठारह वर्ष यूँ ही गुज़र गए
 आज भी याद है कैसे
 नवेली दुल्हन बनकर आई 
 तुम्हारी आंगन में
कितना शरमाई थी 
कितना घबराई  थी न जाने
कैसे निभेगा जन्मों का साथ 
माँ ने कहा था  जब बांधी थी
 दुपट्टे में गांठ 
अब है निभाना ज़िन्दगी भर  साथ 
और तब से चाल रहे है साथ 
क़ि इतने वर्षों का संकलन 
इतने वर्षों का साथ 
इतनी ऋतुओं का आना और जाना 
न जाने कैसे गुज़र गए
 इतने वर्ष 
तुम्हारी हाथों की पकड़
 कभी कमज़ोर न हुई 
तुम्हारी  आंखों की चमक
 कभी फीकी न पड़ी 
बस अबोले से होंठ 
 करते रहे वादा
जो जन्मो का संगम है
 सदा है निभाना ..............

रविवार, 27 मई 2012








समुंदर की लहर 
बड़ी बेआबरू है जी 
बेलिहाज होकर 
यू ही इतराती 
बलबलाती है, बलखाती 
चली आती है 
न जाने कैसे
किस छोर से 
पागल,
 मिटा कर चली जाती है 
समुंदर की लहर देखो .
कभी गाती कभी डराती
कभी बुलाती अपनी ओर 
कभी उथली कभी धुंधली 
नागिन सी ये
 बलखाती चली आती है 
समुंदर की लहर देखो .
कभी सिमटी कभी बिखरी
 कभी नखरे दिखाती 
 पावों में लिपट जाती 
अधूरी  सी  कभी  पूरी 
समुंदर की लहर देखो. 
कोशिश मैने भी बहुत की
रेत में नाम लिखने की 
 मिटा कर  चली गयी
नाम की गहराई  पर
समुंदर की लहर  देखो
कई घरोदे  भी बने होंगे
कई सपने सजे होंगे 
पर इसे क्या फिकर 
ये नहीं किसकी 
समुंदर की लहर देखो..............
 


सोमवार, 30 अप्रैल 2012

milan


ठहर  जा शाम 
कुछ पल और     
अभी होना है मिलन बाकी
धरा और सूरज का
गुलाबी  रंगतों में डूबना है
धरा को 
कि आते ही शुरू होगी 
चंदा की मधुर शरारत 
किसी ओट से करेगा वो
एक कोशिश सताने की 
कहीं लजा न जाये
दुल्हन सी धरा अलबेली 
समेटे जो हरी चुनरी 
छिपाए नूर सा चेहरा 
अधखुली आँखों से 
बाट जोहती है
न जाने कबसे 
सजाये स्वप्न, न जाने
कितनी रातों को
 मेहँदी रचे हाथों से
 गुंथी माला 
विकल सी है 
प्रतीक्षा में 
अधूरा रह जाये
ये मिलन 
ठहर थोड़ी देर 
कि रात बाकी है ....
झुका  है आसमा भी देख 
सागर ने धरा है मौन 
कही बाधित न कर दे 
कोई हवा का झोका 
पल का मिलन संगम
कि चाँद आने वाला है ........