पृष्ठ

शनिवार, 7 मार्च 2020

प्रिय भव्या,

जानती हूँ उत्तर देने को अब तुम हमारे पास नहीं हो। अब हम तुम्हारे कृत्य में कयास लगाते रहेंगे।

इधर तुम्हारे मम्मी पापा लोगों को सफाई देते देते थक रहे हैं (वे रो नहीं रहे।उनकी आंखों के आंसू उस शौक से सूख गए जो उन्हें तुम दे गई)और उधर तुम्हारी टीचर्स, तुम्हारे अंकल आंटी, पड़ोसी तुम्हें याद कर आंखें पोंछ रहे हैं।

मैम बता रहीं हैं कि कल तुम स्कूल में बहुत खुश थी। तुमने उन्हें बताया कि तुम इंजिनियर बनना चाहती हो! दूसरी मैम बता रहीं थीं कि तुमने उनके साथ रेसिपी शेयर की। लाइब्रेरी में भी तुम चहक रही थी। फिर अचानक उस क्षण क्या हुआ!

मैंने सुना तुम्हारी माँ ने तुम्हें खेलने न जाकर पढ़ने के लिए कहा। वे बाजार गई और तुम इतनी सी बात से नाराज होकर दुनिया से चली गई बेटा।

मैं कल से अभी तक बस यही समझने की कोशिश कर रही हूँ कि हम टीचर्स, हम माता पिता, हम समाज, हम देश, हम काल कहाँ गलत हो गए कि तुम्हें अपनी बात कहे बिना यहाँ से जाना पड़ा।

 अफसोस हम धर्म, राजनीति, कम्पटीशन, ऊंच नीच, छोटा बड़ा, सिस्टम , अहंकार, छल और भी जाने किन किन बातों में उलझे रहे और तुम अकेली हमें कई और प्रश्नों में उलझाकर चलीं गई।

देखकर तो नहीं लगता था तुम इतनी उलझी हो। कहाँ डर गई जिंदगी से? क्यों डर गई? क्या हममें से कोई भी न था जो तुम्हे समझ पाता?

क्या माँ को अपने बच्चों से पढ़ाई करो कहने का अधिकार नहीं है? क्या टीचर्स को बच्चों को सही राह में चलने की सलाह देने का हक नहीं है?

हर बार तुम और तुम जैसे मेरे करीबी चले जाते हैं और मैं इन सवालों से जूझती रहती हूँ कि आखिर क्यों नहीं हम अपने सिस्टम को बदल रहें हैं? क्यों नहीं हम अपनी सोच को बदल रहे हैं? हम किस दिन के इंतजार में हैं?

तुम बहुत याद आओगी ! अभी तो मैं पार्थ, शौन, तनय के जाने के दुख से ही नहीं उबरी  थी बेटा। कहीं हो तो संकेत देना कि कौन सी वजह थी जिससे तुम इतनी डिस्टर्ब हो गई। जिससे हम तुम जैसे बच्चों की कुछ तो मदद कर सकें। हम एक ऐसी व्यवस्था बना सकें कि हमारे बच्चे जीवन से हार न मानें।

तुम्हारी
रीना मैम।
बनारस से वापसी

'सुखन रा नाजिशे-मीनू क्फुमाशी जे गुलबांगे-समाइश हाय काशी
बनारस राकसे-गुफ्रता चुनीनस्त हुनूज अज गंगे-चीनश बरजबीं अस्त’
(काशी की तारीफ का फल है कि मेरी शायरी को आसमान जैसा ऊंचा और हसीन लिबास मिला)

इसी बनारस को देखने की तमन्ना लिए निकले थे बनारस कि दो हर्फ लिखना - पढ़ना हम भी सीख जाएं।क्या चंद पलों में ये करामात हो सकती है?सो दिल की तमन्ना दिल में लिए चले आए।

बनारस मेरे लिए बिस्मिल्ला खां का शहर है, क्वीन्स कौलेज में पढ़ते प्रेमचंद का शहर ,अम्मा का बी एच यू,गंगा की आरती ,चाट,मगही पान है।

सारनाथ,बाबा विश्वनाथ दर्शन, संकटमोचन दर्शन,गंगा जी की भव्य  संध्या आरती,असि घाट और ढेर सारी खरीदारी।कैसे फुर्र हुए दिन पता ही नहीं चला।

बनारस के लोगों की आत्मीयता ने दिल लूट लिया।उषा दी,पुष्पा दी,वंदना के प्रेम से सराबोर वापसी तो हो गई पर दिल का एक कोना वहीं छूट गया।वंदना के हाथ के बने लजीज खाने को नहीं भूल सकते ।आते आते उषा दी ने  'खोइचा 'भी भरा ।इतने  अपनापे का कैसे शुक्रिया अदा करेंगे ।@pratima Sinha से मिलने फिर आया जाएगा। एयरपोर्ट में Om Prakash Singh जी  से मिलना सुखद आश्चर्य था।

फिर जल्द आना होगा बनारस।
तो फिर इस वर्ष की दसवीं , बारहवीं की परीक्षा शुरू हो गई या होने वालीं हैं।एन्जा़एटी या स्ट्रेस होना स्वाभाविक है।

बिलकुल सही है परीक्षा के दिनों में साधारण दिनों से ज्यादा पढ़ाई करनी चाहिए।पर पढ़ाई एक सतत प्रक्रिया है।रोज पढ़ो ,रोज गुनो।

परीक्षा हम इसलिए देते हैं कि जान सकें ,अभी और कितना जानना है। परीक्षा यह जानने के लिए नहीं देते कि दूसरे कितना जानते हैं या दूसरों से प्रतिस्पर्धा करें।

दो या चार साल की पढ़ाई से हम नहीं समझ पाते कि हम कितना जानते हैं।जीवन के उतार चढ़ाव हमें सिखाते हैं ,अनुभव हमें जीवन के कई पाठ सिखाते हैं।

बस आराम से परीक्षा दीजिए बिना स्ट्रेस के। परिणाम की चिंता न करें।जो आता ,जो सीखा है उसमें विश्वास करें, खुद पर विश्वास करें।

 बोर्ड परीक्षा की बहुत शुभकामनाएं।
आईटी कंपनी मासटैक के फाउंडर और सीईओ श्री अशांक देसाई और उनकी पत्नी प्रज्ञा देसाई द्वारा अपनी बेटी अवन्ती देसाई की स्मृति में चलाए जा रहे कार्यक्रम ' कहकशां' में जाने का मौका मिला।

'अब मैं बोलूंगी' विषय पर आधारित आज के कार्यक्रम में कई स्कूलों की छात्राएं अपने माता-पिता के साथ आईं थीं। आश्चर्य है कि मुंबई जैसे शहर में भी लड़कियों के प्रति लोगों की सोच में बहुत ज्यादा फर्क नहीं है। आज भी ऐसे कई लूपहोल्स हैं समाज में जो बेटियों की राह को बाधित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान कई बेटियों से बातचीत हुई। बातचीत के दौरान ऐसे कई पल आए जब आंखें भीग गई और कई बार होंठों से वाह निकला।

आज जब रिश्तों में दूरियां बढ़ती जा रहीं हैं,समय की कमी सभी को कचोटती है मेरे ख्याल से इस तरह के कार्यक्रम की दरकार है जहां माता पिता और बच्चों की बराबरी की भागेदारी हो। 

#Ashank_Desai
#kahkasha_Avanti_foundation
#ab_mein_bolungi

रविवार, 5 मई 2019

पाती 3

आदरणीय शिक्षाविद्  (शिक्षा प्रणाली के निर्माता)

आपको बधाई। आखिर अंकों की दौड़ में आपने बाजी मार ली। बच्चे अखबार, न्यूज़ चैनल में छाए हैं।

मैं भी बहुत खुश हूँ। आखिर बच्चों की खुशी में तो माता पिता और शिक्षक की खुशी है।

एक बात बतानी थी आपको। मैं पिछले कई दशकों से स्कूल में पढ़ा रही हूँ। हर साल जब भी रिजल्ट आता है न ,तो मैं बहुत स्ट्रैस  में आ जाती हूँ। आपको लगेगा मैं ये क्या कह रही हूँ।

यकीन जानिए अब रिजल्ट के दिन मेरे लिए मेरे अपने रिजल्ट के दिनों से भी खराब होते हैं। क्योंकि मैं हर साल लगभग 40 बच्चों को पढ़ाती हूँ, जो बोर्ड की परीक्षा देते हैं इनमें अलग अलग योग्यता वाले छात्र होते हैं।

मैं बिलकुल नहीं मानती कि बच्चे पढ़ते नहीं हैं इसलिए कम मार्क्स आते हैं।हर बच्चा परीक्षा और वो भी खासकर बोर्ड परीक्षा के लिए पढ़ता है।कम या ज्यादा अंक निसंदेह उसकी मेहनत ,वस्तु स्थिति और परिवेश के आधार पर आते हैं ।

अब सवाल यह है क्या अंकों की दौड़ में हम बच्चो के संपूर्ण विकास की ओर ध्यान दे रहे हैं?यदि हां ,तो रिजल्ट के समय बच्चे सहमे क्यों रहते हैं?हम डरे क्यों रहते हैं कि कम अंक आने पर बच्चे का क्या होगा? क्या उसे अच्छे कालेज में एडमिशन मिलेगा या नही।यदि नहीं मिलेगा तो उसके भविष्य का क्या होगा।माता पिता डरे रहते हैं बच्चे ने कुछ कर लिया तो?अपनी जान दे दी तो?ओह यह स्थिति बहुत भयानक होती है।नन्ही सी जान जिसने जीवन शुरू भी नहीं किया  जिंदगी से हाथ धो बैठा वो भी परीक्षा के कारण।अभी तो उसके जीवन की कई परीक्षा बांकी थीं।क्या हमारी शिक्षा का इतनी अर्थहीन हो गई है कि शिक्षा सिर्फ अंकों का पर्याय बनकर रह गई है।

मेरा अपने देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा भरोसा था पर गत चार पांच वर्षों से जिस तरह की मार्क्स व्यवस्था चल पड़ी है मेरा विश्वास डगमगाने लगा है। हम अपने छात्रों का सर्वांगीण विकास क्यो नहीं कर पा रहे।डाक्टर इंजिनियर की बीमार फसल तैयार करने पर क्यों मजबूर है?क्या दूसरे कोई विषय नहीं हैं जिन्हें पढ़कर बच्चे सफल जीवन की ओर कदम बढाएं?

शिक्षा का गिरता स्तर, अंकों की होड़ हमें कहीं का नहीं छोड़ती।

आपसे निवेदन है।दसवीं बारहवीं के छात्र जीवन के नाजुक मोड़ से गुजरते हैं। अंको के जाल में फंसाकर हम उनके भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम नहीं कर सकते हैं।

अच्छे और संवेदनशील शिक्षकों का चयन, अच्छा वेतन, उचित सम्मान शिक्षा को बेहतर बनाने में सहायक होगा। विषयों का उचित ज्ञान, सही चुनाव, सैन्य शिक्षा, खेलकूद, सामान्य ज्ञान को कंपलसरी  बनाकर छात्रों का  सर्वांगीण विकास पर जोर देना आज की जरूरत है। टैक्नोलॉजी का उचित प्रयोग सिखाना जरुरी है।

चाइल्ड फ्रैंडली इंस्टीट्यूट होने जरूरी हैं।स्किल बेस्ड संस्थान जरूरी हैं।हर विद्यालय,संस्थान में काउंसिलर की सुविधा हो।पुख्ता रोजगार होने जरूरी हैं। जब तक पढाई पूरी न हो तब तक फाइनेंशियल सिक्योरिटी होने से छात्रों में रोजगार का दबाव कम रहेगा।

सही शिक्षा ही एकमात्र उपाय है जिससे देश के विकास सही दिशा में होगा।

धन्यवाद
एक शिक्षिका।

समाप्त।
पाती 2

प्रिय अभिभावक(को)

आपको बधाई। बच्चे अच्छे अंकों से पास हो गए। आपकी और बच्चों की मेहनत रंग लाई। जाने कितने दिन रात जाग जाग कर हम अपने बच्चों का भविष्य संजोते हैं। उनके सुंदर भविष्य को बनाने में अपना तन मन झोंक देते हैं।

मैं जानती हूँ आने वाली पीढ़ी के लिए जिंदगी बहुत कठिन हो रही है।बढ़ती बेरोजगारी,प्रतियोगिताओं की आपाधापी,99% के दौर में आधे आधे अंक का महत्व, सब समझती हूँ। पर  क्या एक परीक्षा ही हमारे बच्चों का भविष्य निर्धारित करती है? अगर किन्हीं कारणों से उसके परीक्षा में कम अंक आए तो  बच्चे का भविष्य समाप्त?

इस दौड़ में हमारा दौड़ना भी लाजमी है।आप तो समझदार हैं।गुजारिश है आपसे इस दौड़ में दो मिनट रूकियेगा और पलटकर देख लीजिएगा क्या हमारा नन्हा भी दौड़ पा रहा है या नहीं। कहीं इस दौड़ में हम उसके  बचपन को तो नहीं झोंक रहे। कहीं हम खो तो नहीं रहे अपने बच्चों को।

दो हाथ समान नहीं होते, दो बच्चे भी समान नहीं होते फिर तुलना कैसी? परीक्षा के लिए हर बच्चा मेहनत करता है चाहे उसने सालों साल मेहनत की हो या नहीं पर परीक्षा के दिन निकट आते ही वो घंटों किताबों के साथ समय गुजारता है, उसे उसकी मेहनत का जितना फल मिल रहा उसे खुले दिल से स्वीकार कीजिये।

हमें खुद को बार बार याद दिलाना पड़ेगा कि हमने हाड़ मांस के मनुष्य को जन्म दिया है। जिसके पास दिलो दिमाग मौजूद है। क्यों न हम बचपन से उन्हें कुछ ऐसे संस्कार दें कि वे एक अच्छे मनुष्य बनें। यकीन मानिए फिर पूरा जीवन सार्थक हो जाएगा। क्या अपनी इच्छाओं को उनपर थोपना या जो हम नहीं कर पाए हमारे बच्चे करें, ये सोचना सही है?

हमारे समय में क्या होता था क्या नहीं, ये आज की पीढ़ी को बताना बेमानी है, आज की पीढ़ी तकनीक के विस्फोटक पर बैठी है। उसके पास उन जानकारियों, मनोरंजन की सुविधा है जो अमूमन हमारे पास नहीं होती थी। अगर आप उसे अपने जमाने से सीख दे रहें हैं तो आपके हाथ में मोबाइल, कंप्यूटर क्या कर रहा है? आप का बेटा न तो किसान का बेटा है न अस्सी रूपये माह  की पगार वाले मास्टर का। फिर आप किस जमाने की बात कर रहें हैं?

एक म्यूनिसिपल स्कूल के गुरु जी ने मुझसे कहा था। मैडम हमारे स्कूल के बच्चे रिजल्ट के  समय आत्महत्या नहीं करते। वे तो सुबह को शाम की रोटी का जुगाड़ करते हैं और शाम को सुबह की रोटी का जुगाड़। इस उदाहरण का भाव समझिये।

पाती लंबी हो गई।आप समझदार हैं इसलिए इतने प्रश्न आपसे पूछ पा रही हूँ।अंत में बस यही कहूँगी आपका बच्चा आपका अपना है। आप उसका भला बुरा दूसरो से अधिक समझते हैं। फिर क्यों भेड़चाल में शामिल होते हैं। चलिए बदल देते हैं अंकों की इस  रेलमपेल को ,एक मोड़ के जरिये ,उस संसार में जहाँ हमारे कोमल मन बच्चे हों, खिलखिलाहट हों, अल्हड़पन हो,सपने हों,प्यार हो और बस जीवन हो ,एक सार्थक सा जीवन।

शुभकामनाओं सहित
रीना पंत

क्रमशः
पाती 1

मेरे प्यारे बच्चो,

सभी को बधाई।

परीक्षा के दौर के बाद परिणामों का दौर शुरू हो गया है।एक एक कर बोर्ड परीक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम आ रहे हैं।ये समय तुम्हारे साथ साथ मेरे लिए भी बहुत डरावना और कठिन होता है।मेरे पेट में भी तितलियाँ घूमती हैं।फूल से कोमल दिलों पर अंकों की सजा मिलना मुझे भी विचलित कर देता है।पर परीक्षा है तो परिणामों से तो बचा नहीं जा सकेगा न।

निराश मत होना अगर तुम्हें बोर्ड परीक्षा में नब्बे प्रतिशत से कम अंक आए हैं। निराश मत होना कि तुम्हें अच्छे कालेज में दाखिला नहीं मिल पाएगा। बस जिंदगी की परीक्षा में फेल मत होना और हो भी गए तो इतना दमखम रखना कि फिर से उठकर दौड़ने लगो।

मुझे साहिल जैसे बच्चों पर सच में बहुत गुस्सा आता है। पूरे पांच साल मेडिकल की पढ़ाई को दिए, हमेशा अव्वल रहा और बस अपनी पसंद का विषय न मिल पाया तो जिंदगी से खेल गया। नहीं सोचा कि उसके माता पिता, भाई बहन, दोस्त, उसके बिना कैसे रह रहे होंगे।

याद है चुलबुला  रोहन। कितना परेशान करता था हर टीचर को। पढ़ाई में अच्छा ही तो था। पर बारहवीं में अच्छे अंक नहीं आए तो जान से खेल गया। अभी तक हमारे जेहन में बसी हैं उसकी चुलबुली यादें।

मैं यह नहीं कहती पढ़ना मत। खूब पढ़ाई करना। शिक्षा तुम्हारे भविष्य में वो संबल  बने जो तुम्हें सही मार्ग दर्शन करे।शिक्षा मात्र अंकों का खेल न रहे। अंक न तो तुम्हें उद्दण्ड बनाएं न ही तुम्हारे आत्मविश्वास को कम करे। चाहे कितने भी अंक आएं संवेदना और मानवीयता को बचाए रखना।

खूब जियो, खूब खेलो, खूब पढ़ो, कठिनाइयों से लड़ो और आगे बढ़ो।

तुम्हारी
रीना मैम

क्रमशः