पृष्ठ

सोमवार, 9 अगस्त 2021

किंडल - किताब वार्ता (बच्चों का कोना)

 किंडल - ला ला ला

किताब- अरे कोई इधर भी देखो ।मेरी धूल तो झाड़ दो।

किंडल - ला ला ला (किताब को मुंह चिढ़ाता है ) पड़ी रहो एक कोने में चुपचाप।

किताब - क्या जमाना था मेरा भी ।लोग हाथों हाथ लेते थे।

किंडल - अब जमाना मेरा है ।अब सबके हाथों में मैं हूं।तुम तो अब पुराने जमाने की बात हो गई हो।

किताब- इतना मत इतराओ।कुछ लोग अभी भी मुझे चाहते हैं बहुत ।

किंडल - अरे ,कुछ ही इक्के दुक्के लोग होंगे जो अब तुमपर पैसा खर्च करते हैं ।मैं खूबियों से भरी हूं , इसलिए लोग मुझे पसंद करते हैं ।

किताब - हुंह , खूबियां ।मुझसे ज्यादा! 

किंडल - तो क्या ,न ई पीढ़ी मेरा खूब इस्तेमाल कर रही है । मैं सस्ती हूं ।एक बार में कई कहानियां पढ़वाती हूं ।

किताब- मैं थोड़ी महंगी जरूर पर सालों साल लोगों का साथ निभाती हूं।

किंडल- वृक्षों को काटकर तुम्हें बनाया जाता है।

किताब - तुम्हारे प्रयोग से बच्चों को चश्मा चढ़ जाता है।

किंडल- एक किताब में एक कहानी।

किताब - मैं सदियों से रानी ,तुम तो हो बस आनी - जानी।

किंडल- तुम कितनी भारी भरकम।

किताब - खर्च कराती खूब रकम।

किंडल- छोटे छोटे अक्षर वाली ,बार बार फट जाती हो ।

किताब - तुम भी बच्चों को स्क्रीन की आदत लगाती हो।

किंडल - फिर भी लोग मुझ ही को चाहें।तुमसे दूर भागते जाएं।

किताब - मेरी खुशबू और स्पर्श , बरसों तक हैं साथ निभाएं।

किंडल - कहती तो तुम ठीक हो बहना , आंखों को सच में पड़ता बहुत कुछ सहना।


किताब - इसमें नहीं कोई मेरी गलती ,मन मस्तिष्क ने खाई पल्टी।

एक दिन ऐसा  आएगा ,बच्चा बच्चा  समझ जाएगा ।

किंडल - कभी नहीं समझ आए ।कम खर्चे में ज्यादा पाएं।

किताब- हम्म ,पर बहना एक बताओ ,कोई उपाय हमें सुझाओं।

किंडल - अब आई बुद्धि ठिकाने।

किताब - हम दोनों का काम समान , फिर ये कैसा झगड़ा? 

 किंडल - (सोचती हुई सी )- तो चलो लगाएं पूरी दुनिया में आज से ज्ञान का तड़का।

किंडल + किताब- (दोनों साथ साथ ) आओ आओ सब आ जाओ 

खूब पढ़ो और खूब गुनो।

ज्ञान का जब उजियारा फैले

अपना देश तब सबसे आगे निकले।

मोबाइल का लालच(बच्चों का कोना)

 मोबाइल - मोनू मोनू मोनू 

पढ़ाई करता मोनू- कौन ? कहां से आ रही है आवाज़ 

मोबाइल - मोनू , मैं इधर ,तुम्हारा मोबाइल ।

खुश होकर  मोनू - शंशश रूको थोड़ा पढ़ाई कर लूं , चुपचाप बैठे रहो 

मोबाइल - मेरा मन नहीं लग रहा , मैं अकेला बैठा हूं ,कैसे दोस्त हो तुम मेरे ।

मोनू - अरे परेशान मत करो ! देखते नहीं पढ़ रहा हूं ।

मोबाइल - देख रहा हूं ,नाटक मत करो ।जब तुम्हारी टीचर पढ़ाती हैं तब तुम क्या करते हो ? बोलो बोलो 

मोनू - हाहाहा , तुम्हारे साथ खेलता हूं।

मोबाइल - तो अभी भी खेलों ,देखो कितना अच्छा गेम है तुम्हारे लिए।

मोनू - तुम न पिटवाओगे । मां का गुस्सा याद है ।उस दिन क्लास में पकड़ लिया था खेलते हुए ।तुमने ही तो मुझे उकसाया था।और फिर पिताजी से कितनी पिटाई पड़ी ।

मोबाइल - देखो ,जैसे ही मां आएं ,कह देना तुम पढ़ाई के नोट्स देख रहे हो ।

मोनू - और मां ने देख लिया तो ! 

मोबाइल - अरे नहीं ,मां को इतना समझ में नहीं आएगा।

मोनू - सही कह रहे हो तुम ।

मोबाइल - चलो आओ ,ये नया गेम खेलें।

मोनू मोबाइल लेता है ।गेम खेलने लगता है - नहीं ये वाला ,ओह ये वाला ,न न ये वाला 

मोबाइल - मैं न कहता था , मैं खुशियों का खजाना हूं ।एक क्लिक में ही क्या कुछ नहीं देख सकते । हाहाहाहाहा ( खुद से ) फंस गया बच्चा ।ऐसे ही मैं अपने जाल में सबको छोटो - बड़ों सबको फंसा लेता हूं ।

मोनू - थोड़ा सोचते हुए - ओह मैं यह क्या कर रहा हूं । मैं फिर मोबाइल के जाल में फंसे गया ।कल ही मां और पापा ने कितना समझाया था ।बताया था कि बच्चे किस तरह से गेम्स में अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं । नहीं नहीं मैं अब समझदारी से काम लूंगा ,अपनी जिंदगी बर्बाद नहीं करूंगा । मुझे मोबाइल मिला है तो मैं अपनी जिम्मेदारी समझूंगा ।

मोबाइल - ओह अब मैं मोनू को अपने जाल में नहीं फंसा सकूंगा ।देख रहा हूं अब बच्चे समझदार होने लगे हैं ,वे जान गए हैं ,मेरा उपयोग कैसे किया जाए ।

सभी समझदार बच्चों को धन्यवाद।

रविवार, 18 अप्रैल 2021

 विचित्र संयोग है ,आज विश्व विरासत दिवस है ।


कभी जाओ अगर उस तरफ ,

मेरे गांव तक जाकर 

बस उसकी तस्वीर मुझ तक पहुंचा दो।


खींच लेना एक तस्वीर

उस बाखली की ,पाथरों की छत की,

जहां से सुदूर पहाड़ दिखता है और 

अल्मोड़ा के रास्ते फौज से वापिस आते

चचा/ठुल बाबू /भिन्जू/भुला आवाज़ देकर 

अपने आमद की इत्तिला करते।

और चाची /ठुल ईजा/दीदी/बेड़ी/इजा

चाय की केतली चढ़ा देतीं।


तस्वीर लेना दरवाजे के चौखट की ।

उस उड़की हुई खिड़की की ,

दादाजी और अम्मा की रिटायरमेंट के समय ली गई तस्वीर की।  

मिट्टी के चूल्हे की ,

कासे की परात की जो घर के बहुओं के ब्याह के समय समद्धौले में आईं थीं।

भडडू,ठेकी,लकड़ी के संदूक ,

मंदिर,धूनी , देवताओं की।

कोई उच्यैंड़ की पुड़िया मिले तो उसे उठा लेना,

अम्मा की न जाने कौन सी नामंजूर मन्नत बंधी होगी उसमें।


दाड़िम,बेलपत्री,अमरूद,

और दादाजी के लगाए अखरोट के पंक्तिबद्ध वृक्षों की।

एक तस्वीर काफल के पेड़ की 

और उसके सामने खड़े बुरांश के पेड़ की भी,


गाय के गोठ की,

गोठ के सामने बंधी लकड़ियों की 

जिसमें अम्मा बांधती थी 

गाय के छौनों को।


खेतों के बीच बनी नौले तक जाती पगडंडियों की ,

नौले की

नौले के भीतर सूखते पानी की ,

और बाईं ओर बने देवी और कुलदेवताओं के थान की ,

नीचे वाली सड़क की ,

विशनाथ बाबा के पास वाले पुल की ,

श्मशान की, जहां मेरे पुरखों के कुछ तो अंश दबे होंगे।


और सुनो, हो सके तो 

एक तस्वीर ले लेना मेरे गांव की मिट्टी की , 

मिट्टी की खुशबू की।

मेरे बच्चों को मेरे गांव से मुलाकात करनी है।

रीना पंत

१६/४/२१

मुंबई।


#WorldHeritageDay 

#myvillage

शनिवार, 27 मार्च 2021

 ......कि अचानक मेरी नज़र इस किताब पर पड़ी । बहुत सी किताबें खरीदी तो जातीं हैं पर कहीं किसी विशेष वक्त के लिए बची रह जाती है।


जब कोरोना काल अपने चरम पर था उस समय इस किताब की वापसी पढ़ी जाने वाली किताबों में हुई फिर आजकल बुद्ध की चर्चा हुई तो एक बार फिर  किताब की याद आई।


थेरियो के बहाने कितनी कहानियां कविता के रूप में गढ़ी गई हैं।एक बार ,दो बार ,कई बार पढ़ी जा सकने वाली अद्भुत कविताओं का संग्रह है अनामिका जी की 'टोकरी में दिगंत '।


लोक और स्त्री मन की गहराइयों को छूते रूपक अंतर्मन को छू लेते हैं। किताब की भूमिका ही इतनी सशक्त है कि आगे बढ़े बिना रूका नहीं जाता।


कुछ अच्छी किताबें पढ़ने पर जो सुकून मिलता है उनमें से एक यह किताब भी है।

 रात नौ बजे से सुबह तीन बजे तक जो कहानी बांध कर रखे और समाप्ति के बाद भी उसके मोहपाश से निकलना मुश्किल हो तो लेखक को बधाई देनी बनती है। 


महिला पात्रों पर लिखा जाना कुछ नया नहीं है पर कथ्य की ताजगी , घटनाओं की बुनावट ,फ्लो आपको बांधे रखे ,यह महत्वपूर्ण है।कई घटनाओं से बुनी कहानी में एक घटना का रहस्य खत्म होता है तो दूसरी घटना का रहस्य शुरू हो जाता है और लगातार 'नीना ऑटी 'का चरित्र कभी सघन कभी तरल हो दिलों दिमाग पर तारी रहता है। अनुकृति उपाध्याय Anukrti Upadhyay  के लेखन का अपना एक स्टाइल है,नयापन है ,वैविध्य है इसलिए उन्हें पढ़ना खूबसूरत अनुभूति  है।

यूं तो सामान्य पर स्वतंत्र विचाराधारा वाला चरित्र है 'नीना ऑटी 'पर उनकी अपनी जिंदगी के फलसफे उन्हें एक अद्भुत चरित्र के रूप स्थापित करते हैं।


सोबर आवरण में लिपटा यह लघु उपन्यास निश्चित ही 'नीना ऑटी 'के सोबर पर रहस्यमय व्यक्तित्व को अपने में खूबसूरती से समाहित किए हैं।आम भारतीय परिवारों की तीन पीढ़ियों के चुटीले संवाद हर उम्र के पाठक को बांधे रखेंगे।


लेखिका को बधाई।🙏

 रश्मि रविजा Rashmi Ravija को मैं ब्लौग के दिनों से जानती हूं।फिर मुंबई आकर व्यक्तिगत परिचय हुआ। फेसबुक में उनका लिखा हमेशा पढ़ती हूं । 


अपने परिचितों के बारे में कहना - लिखना ज्यादा मुश्किल होता है ।रोज / हमेशा उन्हें पढ़ने की आदत हो जाती है तो सहज ही विचार एकाकार हो जाते हैं।इसलिए ख्याल ही नहीं आया कि उनकी कभी की पढ़ ली किताब के बारे में तुरत फुरत कुछ लिखा जाए।


कल एक सहकर्मी ने 'बंद दरवाजों का शहर ' वापिस करते हुए कहा ," इनकी कहानियां बहुत अच्छी हैं ,इनकी लिखी दूसरी किताब हो तो दीजिए न।" उन्हें 'कांच के शामियाने' देने के लिए तो बैग में रख ही ली और ….


 सामयिक विषयों से सहजता से लिखती रश्मि रविजा की लेखन जगत में खूब पहचान है। फेसबुक में अलग अलग मुद्दों पर लिखी पोस्ट खूब गुदगुदाती हैं।उनके लेखों को पढ़कर कई बार तो लगता है अरे यही तो हम भी सोच रहे थे ।


 'कांच के शामियाने 'की अपार सफलता के बाद ' बंद दरवाजों का शहर'कहानी संग्रह आया जिसमें कुल बारह कहानियां हैं।सबसे अच्छी बात यह है कि उनकी कहानियों के किरदार हमें आसपास ही मिल जाते हैं इसलिए कहानी से कनैक्ट होने में समय नहीं लगता ।वे हर उम्र के चरित्रों से भली -भांति परिचित हैं और बड़ी खूबसूरती से उन्हें कहानियों में स्थापित करतीं हैं। स्त्री मन हो या बाल मनोविज्ञान , युवामन सभी को गहराई से चित्रित करतीं हैं अपनी कहानियों में।हम लोगों को साधारण सी लगने वाली बातों को उनकी लेखनी असाधारण बना देती है।सभी बारह कहानियां अलग रंग लिए अलग पारिवारिक - सामाजिक परिवेश को प्रस्तुत करतीं हुई पाठक को बांधे रखती हैं। 


आजकल रश्मि पक्षियों की दुनिया पर शिद्दत से लिख  रहीं हैं। उम्मीद है कि शीघ्र ही पक्षी जगत पर पुस्तक हमारे हाथ में होगी।

 मुंबई में अमूमन‌ 'ब्रेड वाला ' घर-घर आकर ही अंडा,ब्रेड,पाव,फरसाण (नमकीन)की सप्लाई करता है ।इनके काम करने का तरीका बहुत अद्भुत है।अक्सर एक गाॅव के लोग एक एरिया ले लेते हैं , जब दल का एक सदस्य गांव जाता है तो उसी का दूसरा बंधु उस क्षेत्र को संभाल लेता है।इस तरह बारी बारी से ये गाॅव और मुंबई आते जाते रहते हैं।पिछले इक्कीस सालों से यही परिवार हमारे यहां आता है सो पुरानी के साथ नई पीढ़ी से भी परिचय है।


हमारे ब्रेड वाले भय्या अमरोहा के रहने वाले हैं।बात -बात पर  कमाल अमरोही का जिक्र करते हैं। बहुत मीठा गाते है। मोहम्मद रफी के गीतों के तो दीवाने है ।रोज एक दो लाइन सुनाकर ही जाते है।यदाकदा घर के दुख-सुख की बातें भी करते हैं। एकाध बार घर में बैठकर मेहमानों के साथ भी सुर लगाए।एक दिन पहले यदि बता दो कि "भैय्या कल महफ़िल जमाते हैं "तो जल्दी सामान बेचकर हाजिर हो जाते ।उस दिन बेशक उसका पहनावा रोज से अलग होता है।हाथ में गाने की छोटी सी डायरी भी मौजूद होती है। जिसमें ढेर सारे पुराने भूले बिसरे गीतों का खज़ाना होता है ।


वह न सिर्फ गीत अच्छे गाते है बल्कि दिल के भी बहुत नेक है।एक दिन मुझे बताते हैं कि वह जैसे ही हमारी सोसायटी के गेट में पहुंचते हैं तो सबसे पहले दुआ करते हैं ' अल्लाह सब लोगों को सेहतमंद रखे।' दिन रात मेहनत कर दूसरों के लिए दुआ करने वाला इंसान कितने बड़े दिल का हैं।कोरोना के कारण इनका धंधा भी मंदा पड़ गया ।


तो आज हमारे ब्रेडवाले भैय्या का जन्मदिन है।जब पति और वे 'हर फिक्र को धुंएएएएएए में उड़ाता चला गया' डुएट गा रहे थे तो हमने उन्हीं की बास्केट से केक निकाल कर उन्हीं को खिला दिया।


#breadwala 

#mumbai_life








 विश्व रंगमंच दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।


उम्र के इस दौर में परफॉर्म करने का आनंद ही कुछ और है।आज भी परफार्मेंस से पहले पेट में तितलियां घूमतीं हैं ठीक वैसे ही जैसे बचपन में परीक्षा से पहले घूमतीं थीं।


मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे गुरु Ruchi Sharma  मिलीं जिन्होंने जैसी मैं हूं वैसा ही स्वीकारा ।मुझे ऐसे साथी मिले जिन्होंने मेरा हौसला बढ़ाया।सबसे गजब बात आज मेरा श्रृंगार मेरी अपनी पास आउट स्टूडेंट्स खुशी और राधिका ने किया ।हर्ष बातों से मेरे भीतर उत्साह जगाता और विशाल मेरी उम्र को नजर अंदाज कर ऐसे स्टैप्स सिखाता कि मैं भूल ही जाती हूं कि मेरे घुटने जवाब देने लगे हैं।मेरा परिवार मेरी रीढ़ है जब थकती हूं तो मुझे सहारा देते हैं।


रंगमंच जीवन की उमंगों को बचा कर रखने वाला मंच है।प्रेम, जीजिविषा,उत्साह,जीवन का पर्याय है।


आज की कुछ तस्वीरें जो जबर्दस्ती बेटे से घर में खिंचवाई गई।


#kathak

#mumbailife

गुरुवार, 11 फ़रवरी 2021

 बतौर प्रधानाचार्य मैंने मुंबई के एक छोटे से कालेज में कदम रखा तो मेरा परिचय इन विशेष 'डे' ज़ से हुआ।टाइम-टेबल के साथ जब मैंने हर महीने में दो डेज लिखे देखें तो माथा ठनका।साड़ी डे,रेड डे ,ब्लू डे,अलाना डे - फलाना डे।फरवरी माह हर दिन कोई न कोई डे ।और १४ फरवरी वाला सप्ताह तो लड़के लड़कियां जोड़ों में कैंटीन,मैदान ,कोरीडोर के ओनो कोनो में ...पूछने पर पता चला वैलेंटाइन डे की तैयारी चल रही है ,और वैलैनटाइन डे से पहले बाकी डेज़ी के रिच्वल चल रहे हैं,उसी का कमाल है। 


आदर्श मन उद्वेलित हुआ।पढ़ना लिखना छोड़कर अभी से यह सब ,पहले ग्रेजुएट तो हो जाओ। सोचा बहुत से नियम बना दिए जाएं जो कि कम से कम इस  सप्ताह लागू  हो और युवाओं को कुछ हद तक तो रोका जाए पर जैसे जैसे दिन बीतने लगे मैं भी इन डेज में रमने लगी क्योंकि बच्चों का झुंड मुझे भी कभी गुलाब ,चाकलेट आदि दे जाता ।मुझे अच्छा लगने लगा नई  पीढ़ी का प्रेम सैलिब्रेट करने का तरीका पर प्रेम को लेकर नई पीढ़ी के प्रेक्टिकल अप्रोच कहीं मेरे खांटी देसी मन को चुभता रहा और अंततः मैंने उपाय निकाला।मैंने लाइब्रेरी में ढेर सारी प्रेम की किताबें मंगवाई ।कम से कम पचास किताबें जिनमें  प्रेम में पगी कहानियां और कविताएं थीं।जब कभी मैं खाली होती और समय मिलता मैं इन किताबों को लेकर क्लास में चली जाती और बच्चों से बातें करतीं, उनके बारे में बताती ।


पता नहीं मेरे उन युवा मित्रों की सोच को कितना बदल पाई पर एक दिन ग्रोवल मौल के सैल्स काउंटर में बैठा एक युवा झट से आकर पैर छूता हुआ बोला मैम आपने हमें रविन्द्र नाथ टैगोर की कविता पढ़ाई है जो मुझे अब तक याद है और पूरी कविता जस की तस सुना दी।लोग हम दोनों को देख रहे थे और मैं विस्मित सी खड़ी अपने तीन साल पहले लगाए बीज को सुंदरता से आकार लेते देख रही थी ।


Let Me Not Forget

If it is not my portion to meet thee in this life

then let me ever feel that I have missed thy sight

let me not forget for a moment,

let me carry the pangs of this sorrow in my dreams

and in my wakeful hours.

As my days pass in the crowded market of this world

and my hands grow full with the daily profits,

let me ever feel that I have gained nothing

let me not forget for a moment,

let me carry the pangs of this sorrow in my dreams

and in my wakeful hours.

When I sit by the roadside, tired and panting,

when I spread my bed low in the dust,

let me ever feel that the long journey is still before me

let me not forget a moment,

let me carry the pangs of this sorrow in my dreams

and in my wakeful hours.

When my rooms have been decked out and the flutes sound

and the laughter there is loud,

let me ever feel that I have not invited thee to my house

let me not forget for a moment,

let me carry the pangs of this sorrow in my dreams

and in my wakeful hours.


#valentines 

#proposeday 

#chocolateday

#प्रेम

मंगलवार, 29 दिसंबर 2020

यात्रा

 देखिए तो, आज ये जनाब फिर आ गए। मुंबई इमेजिका से जो साथ चले,बस साथ छोड़ा नहीं। मुंबई का हाल पूछा ।थोड़ा नाराज थे कल बातचीत नहीं हुई न , इसलिए।कितना समझाना पड़ा कि कल बड़ौदा में थकान भरे सफर के बाद आरामगाह की खोज में व्यस्त हो गई थी।इसलिए तुम्हेँ देख ही न पाई। बहुत मनाना पड़ा तब जाके माने।अजमेर से जयपुर तक मेरे साथ चलते रहें....बतियाते रहे....।और कल फिर मिलने का वादा कर निकल लिए ठिठुरती रात के सफर में.....।न बाबा, मैं अब विश्राम करूंगी जयपुर में, कल मिलेंगे दिल्ली नैनीताल हाइवे में। शुभ रात्रि। 

#हाईवे_डायरी

यात्रा

वापसी के दौरान दिल्ली से अजमेर की यात्रा।हाईवे में आलू पराठा खाना पुराना शगल है।और वजन की चिंता को ताक में रख हम रास्ते भर खूब खाते हैं।ढाबों में खाने का स्वाद अगली यात्रा तक संजो कर जो रखनी होती है।
सफर लंबा नहीं था पर ट्रेफिक ने थका दिया।शाम पांच बजे अजमेर पहुँच गए।मुझे किसी भी हाल में अजमेर शरीफ जाना था।
तैयारी नए साल की। अजमेर के होटल नववर्ष की तैयारी में सजे हैं। रंग बिरंगी लाइट्स के अलावा आरटिफीशियल पेड़ पौधों से होटलों को सजाया गया है। कई आफर्स के साथ सजे होटल आकर्षित कर रहे हैं काश एक दिन और रूक पाते पर हम तो ठहरे मुसाफ़िर, चल पड़े आगे। आज रात का पड़ाव अहमदाबाद होगा। 
#हाईवे_डायरी

बुधवार, 23 दिसंबर 2020

जब मैंने उसे फोन‌ किया ।

क्या कर रहा है तू?
खाना बना रहा हूं।
क्या ? 
कलौंजी ,दाल,भात।
तू बनाता है खाना ? 
मम्मी काम से लेट आती है न!

देखती हूं जब सब बच्चे मैदान में क्रिकेट खेल रहे होते हैं मेरा यह नन्हा दोस्त खाना बना रहा होता है।

#जिंदगी
#मुंबई
#बचपन

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2020

 रामलीला : मुक्तेश्वर की 

(भाग - २ )'


'रखियो लाज हमारी नाथ ,दीना नाथ गणपति नाथ 'तबले की थाप और हारमोनियम के लहरे पर शुरूआत होती शारदीय नवरात्रि की रामलीला की, कहीं भीतर तक मीठी टीस सी उमड़ आती है।कितने रंगों के साथ उमड़ती है एक हौल सी । जिसमें ममत्व है ,प्रेम है ,ईर्ष्या है,राग है ,द्वेष है ,अहं है , विनय है।जीवन की तरलता है ,सहजता है ।


 मुंबई ,अहमदाबाद,भरूच में गरबा में डूबी रूह अब तक रामलीला के मोह में फंसी है।


उन दिनों मनोरंजन के सीमित साधनों के चलते रामलीला का बड़ा महत्व था। नवरात्रि के पहले दिन से शुरु होकर दशमी को भरत मिलाप तक आबाल- वृद्ध  व्यस्त रहते।


मुक्तेश्वर की रामलीला कई मायनों में अलग थी।स्टेज के काफी आगे के क्षेत्र को लकड़ी की पतली बल्लियों से घेर कर स्टेज को विस्तार दिया जाता ।सामने जमीन पर दरी बिछी होती जिसमें सिर्फ छोटे बच्चों को बैठने दिया जाता ।स्टेज के दाईं ओर एक पटखाट में तबला, हारमोनियम,मंजीरा ,ढोलक वादक बैठते ।उनके पीछे कलाकार और रामलीला के कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियां होतीं।बाईं ओर आई वी आर आई के अफसर और उनके परिवारों के बैठने की व्यवस्था होती।बाकी जनता के लिए सीढ़ीनुमा खेतों पर बैठने का इंतजाम होता ।कालांतर में कच्चे स्टेज को बाद में सिमेंट का फर्श बनाकर पक्का कर दिया था।ओस से भीगी घास पर दरी बिछाकर कंबल ,रजाई ओढ़कर बारह एक बजे तक रामलीला चलती ।स्टेज से सटे हुए मैदान में जलेबी ,समोसा ,चाय ,गुलाब जामुन की खुशबू बनी रहती ।धीरे धीरे विस्तार हुआ और खिलौने,कपड़ों की दुकानें भी लगने लगीं।


सन् 1954 में शुरू हुई रामलीला पहले मोहन बाजार में होती ,बाद में आई. वी. आर. आई. कैंपस में होने लगी ।इस रामलीला को देखने सीतला ,ओढ़ाखान,सतबुंगा,सुहाने,प्यूड़ा जैसे दूरदराज़ के गांव से तो लोग आते ही विदेश से भी  लोग आते।


स्टेज की साज-सज्जा से लेकर कलाकारों को तैयार करने में आई.वी.आर.आई के कर्मचारी होते थे। दिनभर औफिस के काम के बाद रामलीला का काम । रामजन्म,ताड़का वध,राम सीता विवाह,राम वनवास ,लक्ष्मण शक्ति,सीता हरण ,भरत मिलाप रामलीला कुछ विशेष आकर्षण थे।


कुछ दृश्य मेरे जेहन में जब के तस हैं।मेरे ओंठ बुदबुदाने लगते हैं हर शाम करछी से सब्जी चलाते हुए-


"पिताजी कैसे व्याकुल हैं , हमें माता बता दीजै।

हुआ अपराध क्या हमसे ,क्षमा हमको दिला दीजै।

(राम वनवास के दौरान राम द्वारा )


गत्ते की बनी नाव ,पर्दे के पीछे लहराती धोतियां सागर का सीन क्रिएट करतीं और धन्न से तबला, हारमोनियम के साथ आवाज आती -

नमो गंगे तरंगें पाप हारी ,सदा जय ,सदा जय हो तुम्हारी।

(समुद्र पार करने के दौरान गाया जाने वाला कोरस)


नासमझी के बहुत सालों तक मैंने अपनी शादी का यही स्वप्न सजाया था ।स्वयंवर होगा ,राम जैसा वर आएगा धनुष टूटेगा -

आयषु दीजै कृपा निधाना , देखूं ये शंकर चाप पुराना।

(स्वयंवर में राम द्वारा विश्वामित्र से आग्रह)


उस समय गाई जाने वाली चौपाइयों में सबसे सुरीली चौपाई होती थी राम सीता के वनवास से पहले के संवाद की -

स्वामी मोहे वन में ले जाना होगा।

सिया दुख वन में उठाना होगा।

सीता के हरण पर विरह गीत पर  दर्शकों की आंखों में आंसू उमड़ आते 

घन घमंड नभ गरजत घोरा। 

और 

सूर्पनखा के गीत पर कदम  थिरकते ।

मैं छोड़ आई लंका का राज, लखनलाल तेरे लिए 


संदेश पवनसुत तुम ,सिया प्यारी से कह देना।

(हनुमान अंगूठी लेकर सीता के पास जा रहे हैं।)


भरत मिलाप चौपल्ली में होता था ।ट्रैक्टर में राम ,सीता ,लक्ष्मण की सजी झांकी आती ,वापसी में राजसी वेशभूषा में सजे चारों भाई , तीनों रानियों सहित हम प्रजा का विहंगम दृश्य कभी लुप्त नहीं हो सकता।


पिताजी बताते अगले दिन हवन होता सभी कलाकार इकट्ठे होते और जिन किरदारों का उन्होंने मंचन किया होता उनसे  क्षमा मांगते कि मंचन के दौरान अगर हमसे कोई गलती हो गई हो तो क्षमा करें।


अद्भुत यादें हैं । नवरसों का अनोखा संगम ,सामान्य लोगों द्वारा की गई अनुपम रंगमंच प्रस्तुति ।बिना औपचारिक ट्रैनिंग के बरसों बरसों तक जादुई छड़ी घुमाकर अपने अभिनय का मुरीद बनाने वाले कलाकारों को नमन।

-रीना पंत


#रामलीला

#Mukteshwar

#Mukteshwarramleela

बुधवार, 12 अगस्त 2020

 Learning disabilities के प्रति आजकल समाज में जागरूकता तो आ गई है पर उसे अभी भी पूर्ण स्वीकारोक्ति नहीं मिली है।वे बच्चे जिन्हें learning disable tag  किया जाता है,उन बच्चों पर भी इसका प्रभाव तो पड़ता ही है। हम कब सामान्य होने की कोशिश करेंगे।जिओ और जीने दो के उपदेशों को कब अपनाएंगे।अपने observations के आधार पर लिखी कविता।

              अस्तित्व

                    १

वो रोज आती है दौड़ती हुई,

मेरे गले में दोनों हाथ डाल देती है।

मेरे गालों से गाल रगड़ती हुई,

कुछ बताने की कोशिश करती हुई,

फिर असहाय सी हाथ झटक देती है,

कोरों में दो नन्ही बूंद उतर आती हैं उसकी ,

वो फिर धीरे से  बिन कहे चली जाती है।

मैं देख पाती हूं उसकी कसक।

                          २

हर रोज एक नया चित्र उकेरती है पन्नों पर ,

मछली,पक्षी, चांद,नदी और समंदर,

रंग भरती है अद्भुत,लाल ,हरा,नीला पीला।

वह खुशी से इठलाती हुई सबको दिखाती हुई,

आती है कुछ बताने की कोशिश करती हुई।

इन रंगों के बीच

मैं देख पाती हूं उन तस्वीरों में खींची काली रेखा।

                             ३

वह रोज आती है एक नए  सपने के साथ,

जब वो हंसती है तो 

उसके गालों में दो गढ्ढे पड़ जाते हैं,

जो उसकी सुंदरता बढ़ाने के लिए काफी हैं।

मैं देख पाती हूं उन  गढ्ढों में धंसे डर को।

                             ४ 

वह रोज आती है मुझे बताने अपने बारे में

जताने अपने अस्तित्व के बारे में,

उसका कद बढ़ने लगा है,

कुछ उभारों के साथ,

गालों के गढ्ढे खूबसूरत और खूबसूरत हो गए हैं,

चित्रों के रंग और खुशनुमा हो गए हैं,

उसकी समझ ,अपने लिए और गहरी हो गई है।

इसलिए नहीं ,कि वह बड़ी हो गई है,

इसलिए कि समझने लगी है

वह दूसरों से अलग है।

और हमारे समाज में 

सामान्य और अलग होने के बीच गहरी खाई है।

-रीना पंत

गुरुवार, 6 अगस्त 2020

 मुंबई में बारिश ने तबाही मचाई है।इन दिनों जैसी बारिश हो रही है उसे पहाड़ी में 'झड़ लगना 'कहते हैं।एक किस्सा 

आज बारिश नहीं रूकेगी।


साल याद नहीं आ रहा ,ग्रेजुएशन के दौरान की बात है शायद…….आसमान ने अपने सारे बांध खोल लिए हैं और रह- रहकर तेज गर्जना के साथ बारिश हो रही है।


जब बस नैनीताल से चली तो बूंदाबांदी शुरू हो गई थी।हम नैनीताल वालों के लिए मौसम में यह बदलाव कोई खास मायने नहीं रखता था।पल में तोला पर में माशा ।सुबह खुली धूप और बारह बजते-बजते आसमान बादलों से घिरा जाता , बारिश शुरू।


आज शनिवार है और अगले हफ्ते दो तीन दिन की छुट्टी होगी।ऐसे में आसपास के शहरों के छात्र घर को निकल जाते थे।


मैं लगभग एक बजे हौस्टल से निकल गई ,तब तक बारिश के आसार दिखने शुरू हो गए थे।पैदल मल्लीताल से तल्लीताल बस स्टैण्ड तक पहुंच ची।पहले हम लोग ज्यादा पैदल ही चला करते। पहाड़ों में अमूमन गाड़ियों , साइकिलों की व्यवस्था कम ही होती थी।इसका खामियाजा ये भी होता है कि पहाड़ियों को साइकिल चलाना नहीं आता था।आज स्थितियां बदल चुकी हैं पर रोड सैंस के मामले में आज भी मेरा हाथ तंग ही है।


मैं पौने दो बजे स्टेशन पहुंच गई थी।गिनी चुनी बसों में मुक्तेश्वर की बस सामने खड़ी थी। मुक्तेश्वर की बस अक्सर खाली रहती थीं अतः आगे की सीट में बैठ गई।

बारिश जोर पकड़ चुकी थी। 


आनंद सिंह हमारे ड्राइवर यानी अंदा ने बस की बागडोर अपने हाथ में ले ली।अन था की खासियत यह थी कि जैसे ही वे बस का दरवाज़ा खोलकर स्टैयरिंग सम्हालते ,किला फतह कर राजगद्दी पर विराजमान राजा की तरह पीछे मुड़कर देखते।आर्मीकट मूंछों पर ताव देते ,एक मुस्कान यात्रियों की ओर उछालते । यात्रियों के अभिवादन को हाथ के इशारे से स्वीकार करते ।जब उन्हें तसल्ली हो जाती कि सब बैठ चुके हैं तो गाड़ी स्टार्ट करते।अनदा की अदाओं की क ई स्मृतियां मेरे जेहन में स्पष्ट हैं।


हमारी बस भवाली पहुंच चुकी थी ।भवाली पहाड़ों को जोड़ने वाला छोटा सा जंक्शन‌ था।तीन मुख्य रास्ते थे एक अल्मोड़ा को जाता,दूसरा रामगढ़ , मुक्तेश्वर,तीसरा हल्द्वानी नैनीताल।

बारिश अब काफी तेज हो चुकी थी ।चाय-पानी के बाद बचे-खुचे यात्री बस में चढ़े ।और बस रामगढ़ की ओर चल पड़ी।बंद खिड़कियों की दरारों से पानी भीतर रिसने लगा था।यात्री कम थे इसलिए सब एक एक सीट पर बैठ गए।और सीट के मध्य भाग में बैठ अपना और अपने सामान का बचाव करने लगे।


आज रामगढ़ में बस ज्यादा देर नहीं रूकी।यात्री उतर चढ़ सकें और ड्राइवर कंडक्टर एक एक घूंट चाय पीकर कठिन पहाड़ी चढ़ाई चढ़ने की ऊर्जा एकत्र कर लें। मूसलाधार बारिश के कारण सामने का दृश्य दिखाई नहीं दे रहा था।तेज गति से चलते वाइपर पानी के अबाध बहाव को काट नहीं पा रहे थे।पहाड़ के खतरनाक मोड़ किसी भी दुर्घटना के साक्षी बन सकते थे।संकरी सड़क जिसपर सिर्फ एक बस आ जा सकती थी ।एक ओर पहाड़ दूसरी ओर गहरी खाई।यानी सावधानी हटी ,दुर्घटना घटी। रामगढ़ से हम ड्राइवर कंडक्टर समेत  कुल जमा आठ लोग बस में थे ।जितना आगे बढ़ते रास्ता उतना कठिन।बीच में पड़ने वाले गांव सुनसान हो चुके थे ।चार बजते बजते लोगों ने दुकानें बंद कर दीं थीं।इस बारिश में सामान लेने कौन आएगा। पहाड़ों में यूं भी अंधेरा जल्दी हो जाता है।फिर बरसात में तो रोशनी कम ही रहती है।


साढ़े चार बजे गए थे।बस सतबुंगा से लगभग एक किलोमीटर आगे निकल चुकी थी कि ड्राइवर ने तेज ब्रेक लगाया।भरभराता पहाड़ बस के सामने आ गिरा।सेकैंड की देरी हमारी कब्र साबित होती।सबकी सांस मानो‌ थम गई।मिनट के सन्नाटे के बाद आपसी सहमति से तय हुआ गाड़ी पीछे ले जाई जाए और फिर तय किया जाए कि क्या करना है। बारिश के दिनों में ऐसी घटनाएं आम होती थीं।सो अनदा ने गाड़ी स्टार्ट की।पीछे ले जाना बहुत आसान नहीं था । बारिश के कारण कुछ दिख नहीं रहा था पर अनदा के सधे हुए हाथों पर सबको बहुत भरोसा था।एक किलोमीटर पीछे ऐसे ही गाड़ी ले जानी थी।अभी अनदा दो कदम पीछे करते गाड़ी को कि पीछे का पहाड़ भी भरभरा उठा।एक बड़ा पत्थर ने छत को छूता तेज आवाज़ के साथ गधेरे में लुढ़क गया।बस इतनी जोर से हिली कि सबके कलेजे कांप गए।भयंकर बारिश ,बियावान जंगल।तीन तरफ पहाड़ नीचे खाई।अब जीवन का कोई उपाय नहीं।आगे पीछे का मलबा इतना ऊंचा था कि बिना बुलडोजर के उसे हटाना संभव ही नहीं था।शाम के साढ़े पांच बज चुके थे ।सारे कार्यालय बंद हो गए होंगे।फोन की तब कोई व्यवस्था नहीं थी।क्या किया जाए किसी की समझ में नहीं आ रहा था।तभी दो आदमियों ने तय किया कि वे पैदल आगे की तरफ निकलेंगे और भटेलिया में देखेंगे कि मुक्तेश्वर तक कैसे संदेश पहुंचाया जाए।बाकी दो ने कसियालेख जाकर कुछ इंतजाम करने की इच्छा जाहिर की।बचे दो लोग एक मैं और एक मुरादाबाद से घूमने आए एक सज्जन।सबने पहाड़ी में उन्हें खूब कोसा।खैर जो भी हो आज तो यहां से निकलना कतई संभव न होगा।कल ही कुछ इंतजाम हो सकेगा।


सबकी यही चिंता थी कि मुझे किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाए।बस के भीतर रहना सुरक्षित नहीं था ,कभी भी ऊपर से पहाड़ गिर सकता था।सोचती हूं कितना खूबसूरत समय था हम लोगों पर भरोसा कर सकते थे। मैं अपनी सुरक्षा को लेकर उतनी ही निश्चिंत थी जितनी अपने परिवार के साथ हो सकती थी ,डर था तो बस घर वालों की डांट का।सो तय हुआ कि हम सतबुंगा के किसी घर या दुकान में शरण लेंगे।


गाड़ी को बंद कर हम बारिश में भीगते टार्च की रोशनी के सहारे पांव फंसा फंसा कर एक दूसरे का हाथ पकड़ मलबे से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।घुप्प अंधेरा था , बड़े बड़े पेड़ मलबे के साथ नीचे आ गए थे।एक घंटे की मशक्कत के बाद हम मलबे से बाहर निकल पाए।सब भीग कर तरह।हिम्मत ने जवाब दे दिया ।बुरी तरह थके।किसी तरह चलते चलते सतबुंगा पहुंचे।


ड्राइवर ने दुकान खुलवाई। दुकानदार का घर दुकान के पीछे ही था।उसने हमें सबसे पहले सिर पोंछने को कपड़ा दिया।जल्दी से स्टोव में चाय बनाकर पिलाई।

तय हुआ कि चारों पुरूष दुकान में रहेंगे ।मुझे दो घर छोड़ तीसरे घर में रखा गया।घर के भीतर अंधेरा था।ढिबरी की रोशनी में एक औरत चूल्हे में खाना बना रही थी ।दिनभर खेतों में काम करके थकी स्त्री का चेहरा देख मैं डर गई।सूखा काला चेहरा ,चमकते दांत , पिताजी की सुनाई भूतों की कहानी याद आ रही थी और विश्वास हो गया कि आज की रात भूतों के साथ गुजारनी पड़ेगी।अनदा और कंडक्टर मुझे छोड़कर चले गए,द्वार पर घर के मुखिया भी गृहणी को   मुझे कोई कष्ट न होने देने की ताकीद दे चले गए।तभी दो चपल कृशकाय पर बहुत प्यारे बच्चे और एक सुंदर युवती दूसरे कमरे से निकलकर आए।मेरी सांस रूक गई ।भूतों के साथ रहने के डर से मैं संवेदनाशून्य बैठी थी।


थोड़ी देर में एक बड़ी पीतल की थाली में दो बड़ी बड़ी गेहूं की रोटी,कटा प्याज और पत्ता गोभी की सब्जी परोसी गई।भूख और थकान से बेहाल थी।ओह,कितना स्वादिष्ट खाना! क्या भूत इतना स्वादिष्ट खाना बनाते हैं! कौर पेट में जाने लगे ,डर भागने लगा।गृहणी पहाड़ी में लगातार कहे जा रही थी ,तुमनके कां भल लागौल ये खान'। 


चूल्हे में बने खाने से मेरी आत्मा तृप्त होती जा रही थी।बच्चे मेरे चारों ओर खेलने लगे।बहू से दोस्ती हो गई।तेईस वर्ष इकहरी बदन की लड़की के पति की मृत्यु को मात्र सात महीने हुए थे।मेरे सोने का इंतजाम बहू के साथ उसकी कोठरी में किया गया।बच्चे मेरे साथ सोने के लिए लड़ने लगे और मैं थकी मांझी निश्चिंत नींद की आगोश में थी।


खटर पटर से आंख खुली तो याद आया मैं घर पर नहीं हूं।तेजी से उठकर बाहर गए ई तो गृहस्वामी ने बताया कि आप लोग किस्मत से बच गए। मैं तो बहुत अच्छी तरह यहां रह रही थी पर घर तक कैसे संदेश पहुंचे। मैं दुकान में खोज खबर करने गई तो पता चला कि दस बजे तक बुलडोजर तो आ जाएगा पर आज रास्ता साफ नहीं होगा। मुक्तेश्वर स्टेशन मास्टर तक खबर पहुंचा दी जाएगी।अनदा ने दिलासा दिलाया कि आप आराम से रहो ,आपके घर पहुंचने का इंतजाम कर दिया जाएगा।भरोसे के सिवा कुछ किया भी नहीं जा सकता था।


मैं वापिस आई और बच्चों के साथ खेलने में लग गई। बारिश का वेग कम नहीं हो रहा था।रास्ते के और पहाड़ों के दरकने की आशंका बनी हुई थी।पहाड़ वालों की जिंदगी पहाड़ सी होती है।विशेषकर वहां की स्त्रियों की।इतनी बरसात में सास  बहू गाय बछिया से लेकर खेत के छोटे बड़े काम निपटाते रहे। बारिश से बचने के लिए पुरानी बोरी को ओढ़ लेते हैं।

जैसे तैसे दिन भी बीत गया।बस से सामान लाया गया तो कपड़े बदल लिए।सुबह और शाम मेरी पसंद का पहाड़ी खाना बना ।चाव से खाया और खेत खलिहानों की बातें करते रहे।


अगली सुबह लगभग ग्यारह बजे मुझे बाहर कुछ पहचानी सी आवाज़ आई, पिताजी थे।मुझे सुरक्षित देख उनके चेहरे का तनाव कुछ कम हुआ। उन्होंने बताया जो दो लोग आगे की तरफ गए थे उन्होंने स्टेशन मास्टर तक खबर पहुंचाई और फिर पिताजी तक खबर पहुंची । पिताजी इतनी तेज बारिश में घोड़ों में आए थे।उनके साथ दो लोग और थे।

हम उसी तेज बारिश में घर की ओर निकल पड़े । मुरादाबाद से आए यात्री भी हमारे साथ ही चले।


किसी तरह हम कच्चे पक्के रास्ते पार करते रात बारह बजे घर पहुंचे । मां ने गले लगाने के साथ लंबा भाषण दिया।पूरी घटना सुनने के बाद दोनों आश्वस्त हुए।


मैं उसके बाद उस परिवार से नहीं मिल पाई पर हर बार बारिशों में उन्हें बहुत याद करती हूं।दिल से दुआ देती हूं।मेरी दुआओं का जरूर असर होता होगा।


दरअसल पहाड़ जितने खूबसूरत होते हैं उतना ही कठिन वहां का जीवन होता है और इन कठिनाईयों के बीच हमारे भीतर विश्वास,प्रेम,सरलता पनपती है।


मंगलवार, 2 जून 2020

यादों के दस्तावेज़

१०-१२ पेज के पत्र ,लिखते हुए न हाथों में दर्द ,पढ़ते हुए न आंखों में दर्द। हां ,खुशी या गम के आंसू टप टप टपक कर अक्षरों को धब्बा जरूर बना देते थे।

ओ ओ आप ऐसी लैटर्स के जमाने के हो, हाथ में अंतर्देशीय और पोस्टकार्डस के पुलिंदे को देख बेटी ने मजाक बनाई।अब उसे क्या बताऊं,कितने इतिहास,कितने त्यौहार ,कितनी सीखें,कितना रोमांस,कितनी खुशियां,कितने सुख ,कितने दर्द छिपे होते थे इन पत्रों में।तकिए के नीचे , किताबों के भीतर,जेब में मुड़े जुड़े कागज ,समय की पूंजी।

पत्र लेखन का इतिहास बहुत प्राचीन है। दुनिया में कई महत्वपूर्ण पत्र लिखे गए। उनमें एक प्रसिद्ध पत्र शिला में लिखा पहला सबसे महत्वपूर्ण पत्र माना जाता है।पहला हस्तलिखित पत्र किंग हेनरी VIII ने अपनी प्रेमिका को लिखा जो बाद में उनकी दूसरी पत्नी बनीं।ग्यारह वर्षीय बालिका ग्रेस बेडेले का अब्राहिम लिंकन को लिखा पत्र इस क्रम में महत्त्वपूर्ण माना जाता है ।मेले से अपने पिताजी द्वारा लाए अब्राहिम लिंकन के चित्र को देखकर उसने यह लिंकन को  पत्र लिखा कि वह उन्हें एक दिन अवश्य राष्ट्रपति बने देखने की उम्मीद करती है।कहते हैं चार्ल्स डार्विन जो पत्र अपने घनिष्ठ मित्रों को लिखते थे और इन्हीं पत्रों में उन्होंने idea of evalution and natural selection के सिद्धांतों की चर्चा की थी।विंस्टन चर्चिल के जर्मन नाजियों को लिखे पत्र खासे चर्चित हुए जो २०१० में बहुत महंगे बिके।

महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, टैगोर आदि महत्वपूर्ण व्यक्तियों के पत्र खासे चर्चित रहे हैं और इतिहास की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं।काफ्का,इलियट,रेणु,अज्ञेय ,पांडे बैचेन शर्मा,साहनी न जाने कितने महत्त्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं जिनके पत्र  खूब चर्चित रहे।

कहते हैं पत्र से आप पत्र लिखने वाले के व्यक्तित्व को जान सकते हैं ।और वो कहावत'मियां हम तो लिफाफे से खत के मजमूं को जान लेते हैं।'

आज न वो जमाना न वो रिश्ते न वो पत्र लिखने की परंपरा ।तुम  क्या जानो बच्ची कारूं के खजाने हैं ये पत्र।

#letter_writting

सोमवार, 18 मई 2020

बच्चों,

हमारे कान खुले हैं तुम्हें सुनने के लिए , हमारी बाहें खुली हैं तुम्हें गले लगाने के लिए,हमारा दिल बहुत बड़ा है तुम्हारी हर अच्छाई और बुराई ,हार जीत को स्वीकार करने के लिए।

बिन बताए यूं न चले जाओ,इतने अकेले न रहो।हम हैं न।कहकर तो देखो। तुम्हारे यूं चले जाने से हम भी तिल तिल टूट रहे हैं।

#फिर_एक_बार!
मुझ जैसी कई और लड़कियां (!)होंगी जो पिता से ज्यादा जुड़ी होंगीं। मैं जितनी बातें अपने पिताजी से शेयर करती थी उतनी मां से नहीं कर पाती थी।पिताजी का हर निर्णय मुझे मान्य होता ।

मां का महत्व उस दिन अधिक समझ आया जब मेरी बेटी ने अपना पहला टीनएजर टैंट्रम दिखाया।गुस्से में भरी मैं ......तभी मां का फोन आया ,अभी बेटी के व्यवहार का गुस्सा उगल ही रही थी कि मां ने हंसते हुए धीरे से मेरे तेरहवें साल का जिक्र छेड़ दिया।अब मैं चुप ......फिर याद करती हूं वो ढेर सारी बातें जो मां बिन कहे समझातीं रहीं थीं।हम अनजाने में उन्हें कौपी करते करते बड़े हो गए।

आज जब बच्चे कहते हैं मां तुम नानी जैसी होती जा रही हो तो बहुत अच्छा लगता है।

मां पिताजी की एक बहुत प्यारी तस्वीर और जोकर बने हम ।

#happy_mothers_day
मैं शिव को नहीं जानती ।राहुल और रोहित को जानती हूं।पहले मैं वहीं उनके घर के पास पढ़ाने जाती थी।अब सब बच्चों को अपने घर में बुलाने लगी हूं। हां एक बार जब हमने कुछ बच्चों के घरों में कम्प्यूटर लगवाए थे तब मैं उनके घर के भीतर गई । बच्चों ने बताया कि कम्प्यूटर का टेबल पापा ने बनाया ।पापा कारपेंटर हैं।

कंप्यूटर टेबल के बगल में जमीन में गैस का चूल्हा ,पीछे लकड़ी की दीवार बना कर एक कमरा निकाला गया है ।जिसपर एक फोल्डिंग चारपाई के ऊपर कुछ गद्दे और बिस्तर चादर से ढका हुआ। मुंबई के स्लम्स के अधिकतर घर ऐसे ही होते हैं।सर से लगती छत की ऊंचाई की छः बाई आठ की खोली। बहुत मुश्किल जीवन है इनका ।

राहुल और रोहित दोनों बड़े ही प्यारे बच्चे हैं। राहुल का मन पढ़ने में थोड़ा कम लगता है पर उसकी मुस्कान मन मोह लेती है। रोहित अपेक्षाकृत गंभीर और पढ़ाई में ठीक ठाक है। राहुल और रोहित के पिता हैं शिव ।बेहद सीधे और सच्चे इंसान।

लौकडाउन के दौरान मैं व्हाट्सएप पर बच्चों के लिए पढ़ने के लिए कहानियां प्रश्न आदि भेजती रहती हूं और बच्चे अपनी ड्रौईंग या अन्य सामग्री भेजते रहते हैं।कल राहुल ने एक कविता भेजी ।नीचे लिखा था पापा ने लिखी है।यानी शिव ने लिखी है।न जाने शिव कितने पढ़े लिखे हैं।पर कविता साझा कर रही हूं ।कवित्व की बात न करें तो शिव का यह लेखन उसके जीवन के सत्य से जुड़ी विभत्सता का अंश हो सकता है।
एक ओर मजदूरों का दर्द,दूसरी ओर मिडिल क्लास जिसकी नौकरी जा चुकी है या कट कटा कर मिली सैलरी लोन तले दब गई है ।

कोई अर्थशास्त्री आसान सी भाषा में हम आम लोगों को बताए कि आने वाले दिनों की व्यवस्था कैसे हो?

करोड़ के शून्य इतने ज्यादा हैं कि गिनती बीच में ही गड़बड़ा जाती है।आजतक इतना गिनने की नौबत भी तो न आई।

#कोरोना